चांदीनगर (बागपत)। डगरपुर गांव में तालाब की सफाई कराने और चारदीवारी न होने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। चेतावनी दी है जब तक मांग पूरी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि तालाब का गंदा पानी घरों में घुसने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों के आसपास गंदगी के ढेर लगे हैं। गंदगी में मच्छर पनप रहे हैं, जिसके कारण गांव में बीमारी फैल रही हैं। स्कूल के बच्चों को गंदे पानी से गुजर कर जाना पड़ता है। इस समस्या को लेकर डीएम से लेकर खेकड़ा एसडीएम तक तमाम अधिकारियों को बताया जा चुका है लेकिन उनका इस ओर कोई ध्यान नहीं है। जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्याओं का समाधान नहीं कराया जा रहा है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी तब तक धरने से नहीं उठेंगे। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर हंगामा किया। इस दौरान धर्मपाल, कर्ण सिंह, पीतम, लिखिया, श्रीपाल, सुशील, अजब, मनोज, कृष्णा, सीता, मुकेश, विमलेश मौजूद रहे।