चांदीनगर (बागपत)।
चमरावल गांव में बागपत-सुराना मार्ग पर सड़क में गड्ढे होने के कारण गन्ने से लदा ट्रक पलट गया। इससे मार्ग पर चार घंटे जाम रहा। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर डीएम से मार्ग को बनाने की मांग की।
रविवार को चमरावल से गन्ना लेकर ट्रक किनौनी चीनी मिल जा रहा था। जब वह बागपत-सुराना मार्ग पर चमरावल गांव में पहुंचा तो सड़क में गड्ढे होने के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर पलट गया। इससे मार्ग पर चार घंटे तक जाम लगा रहा। वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग की सड़क पूरी तरह से टूट गई है। इससे सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। गांव का गंदा पानी भी मार्ग पर ही भरा रहता है। उन्होंने डीएम से हस्तक्षेप कर बागपत-सुराना मार्ग का निर्माण कराने की मांग की। इस मौके पर मिंटू, सुमित, टीटू, विपिन, रामबीर आदि मौजूद रहे।