हत्याकांड के मामले में प्रदर्शन करने वाले 19 लोग नामजद
- दूध व्यापारी हत्याकांड मामला : पुलिस ने 70 अज्ञात को बनाया आरोपी
खेकड़ा। मोहल्ला अहिरान निवासी दूध व्यापारी हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर पिछले दिनों प्रदर्शन कर मार्ग पर जाम लगाने के मामले में 89 लोगों के खिलाफ पुलिस ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज किया है। इनमे 19 को नामजद कर 70 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दूध व्यापारी राकेश यादव की 11 फरवरी की सुबह हत्या कर शव को जला दिया गया था। मामले मे मोहल्ले के लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को यादव चौक पर रखकर धरना दिया था। 15 फरवरी को फिर इस मामले को लेकर चौक पर प्रदर्शन कर जुलूस निकालकर पुलिस चौकी चौराहे पर जाम लगाया था। सोमवार को पुलिस ने इस मामले में धारा 188 और 341 के तहत खेकड़ा निवासी डॉ. जितेंद्र यादव, कृष्ण यादव, सुक्कड, रोहित, राजेन्द्र, गौरव कुमार, छोटू, शंकर, मनीष, जितेन्द्र कुमार, गौरव यादव, हरेंद्र, अमित, कल्लू, रामपाल, सोनू, भूपेंद्र, कृष्ण कुमार, सुभाष समेत 19 को नामजद किया है। जबकि 70 अज्ञात को आरोपी बनाया है। रिपोर्ट दर्ज होने से आंदोलनकारियों में अफरा-तफरी का माहौल है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि जिले में धारा 144 लगाई गई थी। इसके उल्लंघन पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।