बागपत। जिले में शुक्रवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस कर्मचारी व बड़ौत के आस्था अस्पताल के कर्मचारी सहित 184 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, चार लोगों की मौत हो गई। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 6056 और मरने वालों की संख्या 89 हो गई है। जिले में 2114 एक्टिव केस हो गए। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों की गलियों को सील कर आवागमन पर पाबंदी लगा दी। वहीं, सर्विलांस टीम संक्रमितों व उनके संपर्क में आने वालों की निगरानी करेगी।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि टटीरी, पीडब्लूडी गेस्ट हाउस, आस्था अस्पताल, धनौरा सिल्वरनगर, मुलसम, भड़ल, पुसार, बिनौली, बेगमाबाद गढ़ी, जिवाना, फजलपुर, रंछाड़, निरपुड़ा, टीकरी, बरवाला, गंगा बिहार, इदरीशपुर, भगवान महावीर मार्ग बड़ौत, गांधी रोड, कोताना रोड, बड़ावद, बावली, आवास-विकास कॉलोनी, पट्टी चौधरान, मेहरमपुर पट्टी, नवयुग कॉलोनी, रुस्तमपुर, खेकड़ा, सुन्हेड़ा, छपरौली कस्बा, बसी, रठौड़ा, करीमपुर, खट्टा प्रहलादपुर और कस्बा अमीनगर सराय में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सं्क्रमितों की गलियों को सील कर सैनिटाइजेशन कराया गया। वहीं, सर्विलांस टीम संक्रमित व उनके संपर्क में आने वालों की निगरानी करेगी। सील किए गए क्षेत्र में जरूरत के सामान की होम डिलीवरी की व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए मास्क एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की।
खेकड़ा के कोविड अस्पताल में चार मरीजों की मौत
खेकड़ा। नगर स्थित एल टू कोविड अस्पताल में शुक्रवार को फिर चार कोरोना मरीजों की मौत हो गई। इससे मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है। इन मौतों के साथ अब अस्पताल में मरने वाले कोरोना मरीजों की संख्या 36 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों मृतकों का परिजनों को सूचना देकर कोविड नियमों के अनुसार अंतिम संस्कार कराया।
खेकड़ा स्थित एल टू कोविड 19 अस्पताल में 40 से अधिक गंभीर कोरोना मरीज भर्ती हैं। चिकित्सक मरीजों को स्वस्थ करने के लिए ऑक्सीजन के साथ वेंटिलेटर सपोर्ट दे रहे हैं। इसके बावजूद अस्पताल में आए दिन कोरोना मरीजों की मौत का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी अस्पताल में भर्ती चार कोरोना मरीजों की मौत हो गई। कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉ. ताहिर ने बताया कि मृतक मरीजों में दो महिला सिसाना और बड़ौत निवासी और दो पुरुष पिलाना और मीतली निवासी थे। इनमें तीन मरीजों की मौत अस्पताल में हुई। एक मरीज की मौत यहां लाते समय एंबुलेंस में हो गई थी। चिकित्सक मरीजों को बचाने के तमाम प्रयासों मे जुटे हैं। ऑक्सीजन के साथ ही उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट भी दिया जा रहा है। इसके बावजूद आक्सीजन लेवल घटने के कारण मरीजों की मौत हो रही है। इन मौतों के साथ अब अस्पताल में मरने वाले कोरोना मरीजों की संख्या 36 हो गई है। चारों मृतकों का उनके परिजनों को सूचना देकर कोरोना गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार कराया गया।