बड़ौत (बागपत)।
फर्द न मिलने से आक्रोशित कई गांवों के किसानों ने सोमवार को तहसील में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और किसानों को यह कहकर आश्वासन दिया कि इस व्यवस्था को ओर बेहतर किया जाएगा, ताकि फर्द मिलने मेें आसानी रहे। इस पर किसान शांत हो गए और घर लौट गए।
सोमवार को बावली, कोताना, वाजिदपुर, बिजरौल, बामनौली, ढिकाना आदि गांवों के किसान तहसील पहुंचे और फर्द लेने के लिए लाइन में लग गए। सुबह से लाइन मेें लगने के बाद जब दोपहर तक किसानों का नंबर नहीं आया तो किसानों ने वहां पर हंगामा शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि वे पिछले एक सप्ताह से फर्द लेने के लिए तहसील के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कभी लिंक नहीं आता तो कभी कार्य नियमित रूप से न होने पर फर्द नहीं मिलती। आरोप लगाया कि फर्द देने के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की जा रही है। जो फर्द 15 रुपये की है, उससे 50 रुपये में दिया जा रहा है। सूचना पर एसडीएम आशीष कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को आश्वासन दिया कि वे इस व्यवस्था को ओर बेहतर करें ताकि फर्द आसानी से मिल जाए। तब जाकर किसान शांत हुए। प्रदर्शन में राजपाल, सतीश, राज कुमार, ओमपाल, विक्रम, विकास, लोकेश, विशाल, मोहन, हरपाल आदि रहे।