किसानों ने तहसील पर किया हंगामा
बड़ौत। फर्द न मिलने से आक्रोशित किसानों ने मंगलवार को तहसील पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को हिलवाडी, बामनौली, सिरसली, बिजरौल, मलकपुर, बड़ौली, दोघट, पुसार, जौनमाना व ढ़िकाना गांव के काफी संख्या में किसान तहसील पहुंचे और फर्द लेने के लिए खिड़की पर खड़े हो गए। लेकिन घंटों बाद भी जब उन्हें फर्द नहीं मिली तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने कहा कि वे पिछले एक सप्ताह से फर्द लेने के लिए तहसील के चक्कर काट रहे है। लेकिन कभी इंटरनेट ठप होने तो कभी खिड़की के अंदर से लोगों को फर्द देने के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि अधिकांश अधिवक्ता और तहसील कर्मचारी अपने परिचितों की फर्द अंदर से निकलवाते हैं, जबकि अधिकतर किसान खिड़की पर खड़ा होकर इंतजार करते हैं। प्रदर्शन करने वालों में राजकुमार, विपिन, बबलू, रविन्द्र, रणवीर, अमित, आशीष, सुखवीर आदि शामिल रहे।