बड़ौत (बागपत)।
उत्तराखंड में भाजपा सरकार के शहरी विकास कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड में 1100 करोड़ रुपये से गंगा का शुद्धीकरण कराया जाएगा। कुछ कार्यों का लोकार्पण भी कर दिया गया है और गंगा को निर्मल बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध है।
वे रविवार को गांधी रोड स्थित डॉ. अनुराग मित्तल के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गंगा को शुद्ध करने के लिए कार्य कर रही है। 1100 करोड़ रुपये की योजना इसके लिए बनाई गई। गंगा में गिरने वाले नाले, घाट के आसपास गंदगी आदि की सफाई कराई जाएगी। इसके लिए 32 स्थानों पर कार्यों का लोकार्पण भी कर दिया गया है। वहीं उत्तराखंड में डोर टू डोर कूड़ा उठाने की योजना शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही पूरे प्रदेश में इस योजना को लागू कर दिया जाएगा। खुले में शौच से मुक्त करने की केंद्र सरकार की योजना उत्तराखंड सरकार ने गांव समेत शहरी इलाकों में पूर्ण रूप से लागू कर दी है। भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा भी बनाया हुआ और वह अपने स्तर पर काम करता है। मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली व अन्य जिलों को हरियाणा से जोड़ा जाएगा, यह भ्रामक प्रचार है। इस मौके पर बड़ौत विधायक केपी मलिक, भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय खोखर, डॉ. अनुराग मित्तल, डॉ. दिनेश बंसल, डॉ. नीरज कौशिक, प्रदीप जैन व अन्य उपस्थित रहे।