बड़ौत (बागपत)। बड़ौत-छपरौली मार्ग पर बसों के नियमित संचालन कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार बड़ौत डिपो कार्यालय में प्रदर्शन किया और एआरएम से बसों का सही ढंग से संचालन कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा बड़ौत-छपरौली मार्ग पर रोडवेज बसों का आने व जाने का कोई टाइम नहीं है, जिस कारण आए दिन आवागमन को लेकर भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को मजबूरन दोगुना किराया देकर डग्गामार वाहनों में सफर करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर दर्जनों बार विभागीय अफसरों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने एआरएम योगेंद्र पाल से इस मार्ग पर बसों का संचालन बढ़ाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मार्ग पर बसों का संचालन नहीं बढ़ाया तो ग्रामीण आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। एआरएम ने ग्रामीणों का आश्वासन देकर लौटा दिया। एआरएम योगेंद्र पाल ने कहा शीघ्र ही बसों का नियमित संचालन कराया जाएगा। इस दौरान कुलदीप खोखर एडवोकेट, यशवीर सिंह, प्रमोद, रामपाल, रोशन लाल, विनोद, मोनू आदि रहे।