बागपत। दुपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर जिले में 88 वाहनों के चालान किए। पुलिस को देखकर ट्रिपल राइडिंग करने वालों में हड़कंप मचा रहा। अमर उजाला ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
बृहस्पतिवार को ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर नकेल कसने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बागपत, बड़ौत और खेकड़ा में चेकिंग अभियान चलाया। सीओ ट्रैफिक दिलीप सिंह ने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर 88 वाहनों के चालान काटे। साथ ही 12900 रुपये शमन शुल्क वसूला । साथ ही यातायात नियमों के संकेतों का अनुपालन न करने वाले व्यक्तियों को जागरूक किया। राष्ट्रवंदना चौक पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पंपलेट बांटे । उन्होंने बताया कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बगैर कोई भी वाहन न चलाए। दो पहिया वाहन पर हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। ट्रिपल राइडिंग न करें।
छात्र-छात्राओं को बताए यातायात के नियम
बागपत। यातायात माह के अंतर्गत ट्रैफिक पुलिस ने कई शिक्षण संस्थाओं में कार्यशाला का आयोजन किया। छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। यातायात प्रभारी जसवीर ने बताया कि तेज गति से वाहन न चलाए। गलत दिशा में ओवर टेक न करें। शराब पीकर वाहन न चलाए। चौराहों व बहु मार्ग पर यातायात संकेतों का पालन करें एवं वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें।
चेकिंग बंद होते ही ट्रिपल राइडिंग शुरू
बागपत। यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूक अभियान के बाद भी वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे है। बृहस्पतिवार को ट्रैफिक पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया, लेकिन इसके बाद भी लोग ट्रिपल राइडिंग करते दिखे।