बड़ौत (बागपत)।
मानदेय दिलाने की मांग को लेकर बड़ौत डिपो में तैनात संविदा मेकेनिकों ने शनिवार को बड़ौत डिपो परिसर में हंगामा किया। रोडवेज अधिकारियों के कोई सुनवाई नहीं करने पर संविदा मैकेनिक तहसील में एसडीएम से शिकायत करने पहुंचे और ज्ञापन सौंप देकर कार्रवाई करने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने कहा उन्हें गत दो माह से मानदेय नहीं मिला। यदि कोई संविदा कर्मचारी मानदेय की मांग करता है तो ठेकेदार व डिपो पर तैनात अधिकारी संविदा खत्म कर नौकरी से हटाने की धमकी देते हैं। इससे संविदा कर्मचारियों में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने कहा कि मानदेय न मिलने से आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। परिवार के सदस्य के बीमार होने पर उधार में रुपये लेकर उनका इलाज कराना पड़ रहा है। उन्होंने कहा विभागीय अफसरों ने बस में आने जाने के लिए पास जारी किया है। पास होने के बाद भी टीसी ने कई संविदा मेकेनिकों को बस से नीचे उतार दिया। हंगामे की सूचना पर एआरएम योगेंद्र पाल मौके पर पहुंचे और वार्ता की, मांग पूरी न होने पर संविदा मेकेनिकों ने तहसील में पहुंचकर एसडीएम आशीष कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस संबंध में एआरएम योगेंद्र पाल ने कहा अधिकांश संविदा मेकेनिकों को मानदेय दिया जा चुका है। पास के बाद भी बस से नीचे उतारने के मामले में जांच की जा रही है। इनमें शिवकुमार, गुलजार, आजम, लोकेश, संदीप त्रिपाठी, विनेाद, आसिफ, अब्दुल, गुलफाम, आबिद आदि रहे।