बागपत। आरटीआई कार्यकर्ता को सूचना मांगने पर मीतली प्रधान को धमकाना महंगा पड़ गया है। उत्तर प्रदेश शासन के अनु सचिव विनय कुमार सिंह ने डीएम और एसपी को प्रधान के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मीतली गांव निवासी सहदेव ने बताया कि गांव में हो रहे विकास कार्यों में घोटाले और पूर्व के मामले को लेकर वह आईटीआई के जरिए सूचनाएं मांग रहे हैं, जिसमें गलत और मिथ्या रिपोर्ट दी जा रही है। अधिकारियों के आदेशों के बावजूद ग्राम सचिव के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कागजों में विकास कार्य हो रहे हैं। सहदेव ने बताया कि ग्राम प्रधान मीतली सतीश राणा ने धमकी दी है कि सूचना मांगी तो झूठे मुकदमे में फसा दिया जाएगा। सहदेव ने इसकी शिकायत राज्य सूचना आयोग में की। इसके बाद उत्तर प्रदेश शासन के अनु सचिव विनय कुमार सिंह ने डीएम और एसपी को निर्देशित कर प्रधान के खिलाफ अपेक्षानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए राज्य सूचना आयोग और शासन को भी इसकी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उधर ग्राम प्रधान सतीश राणा ने कहा कि सहदेव उससे सूचना के नाम पर रंगदारी मांग रहा था, जिसका मुकदमा दर्ज करवा हुआ है। न्यायालय में भी वाद विचाराधीन है। जो भी आरोप लगाए गए हैं, वे झूठे और बेबुनियाद है।