सड़कों पर डाक कांवड़ की भागमभाग
बागपत/बड़ौत। पैदल कांवड़ियों के बाद सड़कों पर डाक कांवड़ियों की संख्या बढ़ गई। बाइक और अन्य वाहनों पर डाक कांवड़ लेकर आए कांवड़ियों का रेला नजर आया। इसके अलावा दुपहिया वाहनों पर गंगाजल लेने के लिए जिलेभर से कांवड़िए हरिद्वार भी रवाना हो गए।
आस्था और भक्ति में डूबे कांवड़िए शिवालयों की ओर बढ़े चले जा रहे हैं। हालांकि बुधवार दोपहर पैदल कांवड़ियों की संख्या कम हो गई लेकिन हरिद्वार से बाइक, डीसीएम, स्कूटर और कारों में डाक कांवड़ लेकर आए कांवड़ियों की संख्या बढ़ गई है। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे, बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग, दाहा-बरनावा मार्ग और पुरा महादेव के रास्तों पर डाक कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई। इसके अलावा दिल्ली और हरियाणा के डाक कांवड़िए भी गंतव्य की ओर बढ़ते चले गए। डाक कांवड़ वाहन के आगे या पीछे गंगाजल हाथ मेें लेकर कांवड़िए एथलीट की तरह दौड़ लगाते नजर आए। सड़कों के किनारे आसपास के लोगों की भीड़ जुट रही है। बाइक पर जल लाने वाले कांवड़िए हरिद्वार रवाना हुए।