बागपत। अंकल! जीवन अनमोल है, हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाएं। कुछ इसी अंदाज में शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर स्कूलों के विद्यार्थी वाहन चालकों को जागरूक करते नजर आए। एआरटीओ आरपी मिश्रा ने खुद कमान संभाली और लोगों को जागरूक किया।
उपसंभागीय परिवहन विभाग राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मना रहा है। इस दौरान यातायात नियम से वाहन चलाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को रोड सेफ्टी क्लब के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर खड़े होकर बाइक चालकों को रोका और उन्हें हेलमेट लगाने का अनुरोध किया। वहीं चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की भी गुजारिश की। जागरूक करते कहा कि जीवन अनमोल है, इसके लिए नियम से वाहन को चलाया जाए। इससे हादसों में लगाम लगेगी और लोगों का जीवन सुरक्षित रहेगा। इस दौरान एआरटीओ आरपी मिश्रा ने भी बाइक पर तीन-चार लोगों को बैठाकर ले जा रहे चालकों को रोककर उनके चालान किए। वहीं हेलमेट लगाकर चलने के लिए जागरूक किया। कई चालकों को खुद हेलमेट पहनाया गया। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर चलने की अपील की। कार्यक्रम में सेंट एजेंल्स, सर्वोदय पब्लिक स्कूल, श्री यमुना इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षकों ने वाहन चालकों को जागरूक किया।
94 वाहन चालकों के काटे चालान
बागपत। एआरटीओ आरपी मिश्रा ने बताया बुधवार को हेलमेट एवं सीट बेल्ट दिवस और राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत 94 दो और चार पहिया वाहन चालकों के चालान काटे। उन्होंने बताया कि हेलमेट न लगाकर चलने वाले 62 बाइक चालक और सीट बेल्ट न लगाकर चलने वाले 32 चार पहिया वाहन चालकों के चालान काटे । वहीं उन्होंने चालकों से अनुरोध कर नियम से वाहन चलाने की अपील की गई।