बड़ौत (बागपत)।
सिंचाई विभाग के डाक बंगले पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास श्याम पट पर उनके नाम में त्रुटि की खबर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया और तुरत-फुरत इस त्रुटि को दूर कराया।
रालोद नेताओं ने इस पर घोर नाराजगी जताई थी और पूर्व प्रधानमंत्री का सीधे तौर पर अपमान बताया था। उन्होंने कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के आगे लगे श्याम पट पर उनका नाम के आगे सिंह नहीं लिखा गया था। इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह व प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने भी चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करते समय इस त्रुटि को नहीं देखा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी की प्रतिमा को हरे कपड़े में न लपेटकर भगवा कपड़े में लपेटा गया था, यह भी उनका अपमान है। बृहस्पतिवार को पूरे दिन सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और शाम तक इस त्रुटि को दूर करा दिया गया।