बागपत गेस्ट हाउस में विद्युत विभाग के चारो एक्सईएन के साथ बैठक करते सांसद प्रतिनिधि ठाकुर प्रदी?
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। ऊर्जा क्षेत्र में केंद्र सरकार की पुनरुत्थान योजना के तहत बिजली व्यवस्था बेहतर व लाइनलोस कम करने का प्लान तैयार किया है। इसके तहत जिले में 17 नए उपकेंद्र लगाने के साथ ही 33 उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा भी लाइनों को बेहतर करने, ट्रांसफार्मर बढ़ाने आदि की योजना बनाई गई। इसके लिए ऊर्जा निगम के सभी एक्सईएन, तकनीकी अधिकारियों की पहली बैठक पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुई।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में शुक्रवार को पुनरुत्थान योजना के तहत बैठक में एक्सईएन बागपत अमर सिंह, एक्सईएन बड़ौत प्रथम गोपाल सिंह, द्वितीय राजेश कुमार, एक्सईएन खेकड़ा ऋषिपाल सिंह, तकनीकी सहायक अभिषेक चहल, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर मौजूद रहे। इसमें तकनीकी सहायक अभिषेक चहल ने बताया कि सभी उपकेंद्रों की लाइन अलग-अलग की जाएगी। उनके अनुसार 987 ट्रांसफार्मर नए लगाए जाएंगे तो 1048 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। 1327.28 किमी जर्जर तारों को बदला जाएगा तो जर्जर पोल खत्म करने के साथ ही लंबी दूरी पर लगे पोल के बीच में नए पोल लगाए जाएंगे और इस तरह से 15318 पोल लगाए जाएंगे। जिन गांवों में अभी रबर कोटिंग वाले तार नहीं डाले गए है, वहां उनको डलवाया जाएगा।
एक भी विधायक व प्रतिनिधि बैठक में प्रस्ताव लेकर नहीं पहुंचे
इस योजना में जन प्रतिनिधियों के प्रस्ताव भी शामिल किए जाएंगे और इसलिए ही सांसद व तीनों विधायकों को बैठक के लिए निमंत्रण दिया गया था। इसके लिए उनको पत्र भेजा गया था। इसके बावजूद सांसद के प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ही बैठक में पहुंचे, जबकि किसी भी विधायक या उनके प्रतिनिधि ने बैठक में आने की जरूरत नहीं समझी। जबकि उनके प्रस्ताव पर तुरंत मुहर लगनी थी।