दोघट (बागपत)। मौजिजाबाद नांगल गांव के जंगल में शावक के साथ मादा भालू दिखाई देने से किसानों में दहशत फैल गई। किसानों ने लाठी डंडे लेकर जंगल में भालू को तलाश किया, लेकिन कुछ नहीं मिला।
सोमवार को मौजिजाबाद नांगल गांव के जंगल में किसानों को मादा भालू अपने छोटे शावक के साथ घूमती हुई दिखाई दी। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान एकत्रित हो गए। लाठी डंडे लेकर भालू की जंगल में काफी देर तक तलाश की, लेकिन कुछ नहीं मिला। किसान योगेश, उमेश, राज कुमार, वीर सैन, मुकेश, गौरव, रामनिवास ने बताया कि पिछले कई दिनों से मादा भालू अपने शावक के साथ घूम रही है। भालू ने अभी तक किसी भी किसान को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। पिछले वर्ष भी गांव के जंगल में तेंदुआ देखा गया था। किसानों ने वन विभाग के अधिकारियों को फोन कर भालू को पकड़वाने की मांग की। डीएफओ बागपत अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि भालू के निशान मिलते है तो उसे पकड़वाया जाएगा।