बड़ौत (बागपत)। सीएचसी परिसर में शुक्रवार को जनसंख्या नियंत्रण व परिवार नियोजन के तहत कैंप लगा, इसमेें 23 महिलाओं की नसबंदी की। इस जांच के दौरान 10 महिलाएं अनफिट मिलीं, इन्हें चिकित्सा सलाह दी गई।
कैंप का शुभारंभ सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक और ब्लाक कार्यक्रम समन्वयक सचिन मलिक ने किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक ने कहा कि आज भारत की जनसंख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके दुष्परिणाम भी हमारे सामने आने लगे हैं। परिवार बड़ा होने के कारण उनके पालन-पोषण मेें परेशानी आ रही हैं, बेरोजगारी भी इसका मुख्य कारण है। उन्होंने बताया कि कैंप में 23 महिलाओं की नसबंदी कराई । जांच के दौरान 10 महिलाएं अनफिट पाई गईं। उन्होंने बताया कि मई माह मेें 51 नसबंदी के साथ एक माह में सबसे अधिक नसबंदी कराने का रिकार्ड बड़ौत सीएचसी के नाम हुआ है। महिलाओं व पुरुषों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने आशा को महिलाओं और पुरुषों की नसबंदी कराने के लिए प्रेरणा दी। साथ ही अधिक नसबंदी कराने वाली आशा को सम्मानित करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि आशा को एक पुरुष की नसबंदी कराने के लिए 400 रुपये मिलेंगे, जबकि महिला की नसबंदी कराने के लिए 300 रुपये मिलेंगे जबकि नसबंदी कराने वाले पुरुष को तीन हजार और महिला को दो हजार रुपये भी मिलेंगे।