बड़ौत (बागपत)।
बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बृहस्पतिवार को सड़क किनारे ईंटों से भरा ट्रक खराब होने व सड़क के चौड़ीकरण के कार्य चलने के कारण लंबा जाम लग गया। वाहन चालक कई घंटे तक इस मार्ग पर फंसे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मौके पर पहुंचकर मार्ग को आवागमन के लिए सुचारु कराया।
वर्तमान समय में बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर चौड़ीकरण का काम चल रहा है, जिस कारण इस मार्ग पर जाम लगना आम बात हो चली है, लेकिन बृहस्पतिवार को यात्रियों और वाहन चालकों को ओर भी मुसीबतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि बड़ौत से ईट लेकर चला एक ट्रक काहन्ड़ और पुसार गांव के बीच मेें खराब हो गया। इससे मार्ग पर जाम लग गया। सड़क के किनारे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति ओर भी भीषण हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह ईट से भरे ट्रक को वहां से हटवाया और मार्ग को आवागमन के लिए सुचारु कराया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।