बड़ौत (बागपत)।
ओटीएस योजना की अंतिम तिथि बढ़ने से गन्ना किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से मलकपुर चीनी मिल से जुडे़ किसानों के यहां पर भुगतान न होने तक चेकिंग न करने की अपील की।
ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं के बिल पर सरचार्ज माफी के लिए ओटीएस योजना संचालित कर रखी है। पहले ओटीएस योजना में पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 31 जनवरी थी, जो बाद मेें 15 फरवरी कर दी। शुक्रवार को योजना का अंतिम दिन था, इसको लेकर कार्यालयों पर भारी भीड़ उमड़ रही। ऊपर से इंटरनेट ठप रहने से अधिकांश उपभोक्ता पंजीकरण कराने से वंचित रह गए। किसानों ने एसई रामबीर सिंह से योजना की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की । गन्ना किसानों ने कहा एक तो पहले से ही गन्ना किसान दुविधा मेें फंसा हुआ है, ऊपर से ओटीएस योजना में पंजीकरण कराने को लेकर भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ओटीएस योजना की अंतिम तिथि 15 फरवरी से 15 मार्च करने की मांग उठाई, ताकि योजना से वंचित उपभोक्ताओं को भी इसका लाभ मिल सके। वहीं विभाग के राजस्व लक्ष्य को भी इसका फायदा पहुंचेगा। किसानों की दुविधा को देखकर एसई ने निगम के अफसरों अवगत कराया। इस पर अब ओटीएस योजना की तिथि बढ़ाकर 25 मार्च कर दी। इसमें अनिल, महेश, इंद्रपाल, भोपाल, सोहन पाल, हरवीर, सोहनवीर, जयपाल, रामकृष्ण आदि रहे।