रमाला चीनी मिल में गन्ना डालकर वापस घर लौट रहे किसान की नाले में ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
शामली जनपद के इस्लामपुर घसौली गांव निवासी अब्दुल रहमान पुत्र अकरम खां ने बताया कि शनिवार की रात में साढ़े आठ बजे के लगभग उसका भाई नसीम खां (65) ट्रैक्टर-ट्राली से रमाला चीनी मिल में गन्ना लेकर आया । गन्ना डालने के बाद वह वापस घर लौटने लगा। मिल के पास नाले में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। ट्रैक्टर के नीचे दबकर किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से शव को ट्रैक्टर के नीचे निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसकी जेब से मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी हमीदा का रो - रोकर बुरा हाल था। उसके तीन बेटे और चार बेटी है। पोस्टमार्टम के बाद परिवार शव को घर ले गए।