बड़ौत (बागपत)।
सहकारी गन्ना विकास परिषद मलकपुर के चेयरमैन धर्मेंद्र तोमर ने कहा कि मिल ने तीन दिन के अंदर सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियां नहीं भेजी तो 19 नवंबर को मिल गेट पर मार्ग जाम कर दिया जाएगा।
उन्होंने दिल्ली रोड स्थित कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मलकपुर मिल पर 15 दिन का गन्ना भुगतान बकाया हो गया है, इसे अविलंब किसानों के खातों में भेजा जाए। अगर मिल प्रशासन इस पर अमल नहीं करेगा तो उच्चाधिकारियों से मिला जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएम किसानों की समस्या पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र ही समाधान करें, नहीं तो किसान सड़कों पर उतर कर आंदोलन शुरू कर देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मलकपुर मिल ने 18 नवंबर तक सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्ची सभी सेंटरों पर नहीं भेजी तो 19 नवंबर को मलकपुर मिल के गेट पर रास्ता जाम किया जाएगा। इस दौरान चंद्रपाल ठेकेदार, रविंद्र डॉयरेक्टर, शैलेस डायरेक्टर, हरपाल सिंह, नरेशपाल, पीतम सिंह आदि किसान उपस्थित रहे।