बागपत। बड़का गांव के युवकों ने सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 15 ग्रामीणों के बैंक खाते खुलवाए गए और फिर उनमें ठगी के करीब ढाई लाख रुपये मंगवाए। खाते खुलवाने वाले युवकों ने ग्रामीणों को झांसा देकर एटीएम लेकर रुपये भी निकाल लिए। रुपये निकालते ही खाते फ्रीज हो गए।
साहिद की शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बड़का गांव के साजिद और इमरान को गिरफ्तार कर लिया। बड़का गांव निवासी साहिद ने बताया कि गांव के ही साजिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्रामीणों को झांसा दिया। साजिद ने ग्रामीणों को बताया कि सरकार की ऐसी योजना आई है, जिससे खाता लिंक होने पर उसमें एक हजार रुपये महीना मिलते हैं। साजिद के कहने पर उसने दो बैंक खाते खुलवाए। योजना से खाता लिंक कराने के नाम पर साजिद ने एटीएम कार्ड भी लेकर अपने पास रख लिया।
इस तरह गांव के राहुल, इरशाद, ताज मोहम्मद, दीनू, साहिल समेत 15 लोगों के बैंकों में नए खाते खुलवाए गए। आरोप लगाया कि साजिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों से सरकारी योजनाओं, बीमा पॉलिसी, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने समेत अन्य तरीकों से ठगी की। लोगों से ठगे हुए 20-50 हजार रुपये तक उनके बैंक खातों में मंगवाए और उनको बिना जानकारी दिए निकाल लिए।
दूसरे जनपदों की पुलिस ने उनके बैंक खाते फ्रीज कर दिए। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि ठगी के मामले में मुकदमा दर्ज कर साजिद, उसके साथी इमरान को गिरफ्तार कर मोबाइल, एटीएम कार्ड और बैंक की पासबुक बरामद किए गए। तीसरे आरोपी गौरव उर्फ गोविंद निवासी बिहार की तलाश कराई जा रही है।