न्यायपीठ सीडब्ल्यूसी ने सर्व हितकारी इंटर कॉलेज मीतली के प्रबंधन को निष्कासित तीन परीक्षार्थियों को बोर्ड परीक्षा दिलाने के आदेश दिए। स्कूल प्रबंधन ने तीनों छात्रों के परीक्षा प्रवेश पत्र रोके थे।
मीतली निवासी दसवी कक्षा के छात्र विनय, मोहित व अजय सर्व हितकारी इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। कॉलेज प्रबंधन ने तीनों छात्रों को पहले ही स्कूल से निष्कासित किया। तीनों छात्रों को यूपी बोर्ड की परीक्षा से वंचित करने का मामला न्यायालय बाल कल्याण समिति के सामने प्रस्तुत हुआ। सीडब्ल्यूसी के न्याय प्राधिकारी अध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि तीनों छात्रों ने न्यायपीठ में लिखित शिकायत करके स्कूल के प्रबंधन पर यूपी बोर्ड की परीक्षा का प्रवेश पत्र नहीं देने का आरोप लगाया। स्कूल प्रबंधन को तत्काल नोटिस जारी किया। स्कूल प्रबंधन ने न्यायपीठ के सामने उपस्थित होकर स्पष्टीकरण दिया। स्कूल प्रबंधन के इस स्पष्टीकरण से सीडब्ल्यूसी के न्याय प्राधिकारी राजीव यादव, डॉ. कुलदीप त्यागी और मालती शर्मा संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को तत्काल विद्यार्थी को प्रवेश पत्र जारी करने के निर्देश दिए। न्यायपीठ की सख्ती के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल प्रवेश पत्र जारी कर दिए और विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बैठाने का आश्वासन दिया।