नौरोजपुर में 67 की जांच, 13 बच्चे मिले बीमार
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव में बीमारी और फैली गंदगी और तीन बच्चों की मौत का मामला उजागर होते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। सीएमओ डॉ सुषमा चंद्रा टीम के साथ गांव पहुंची। संदिग्ध 67 बच्चों की जांच कराई गई। इनमें 13 बच्चे बुखार और संक्रमण से बीमार मिले हैं। सीएमओ का कहना है कि गंदगी के कारण गांव में संक्रामक बीमारी है। ग्रामीणों को सहयोग कर गंदगी को हटाना होगा ताकि जल्द से जल्द गावं को रोगमुक्त किया जा सके।
बता दें कि नौरोजपुर गुर्जर गांव में बीमारी से हुई तीन बच्चों की मौत के बाद से दहशत है। अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में मामले को प्रमुख से उठाया। सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. नीरज त्यागी डॉक्टरों की टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने पहले गांव का भ्रमण किया। यहां पर उन्होंने जगह-जगह गंदगी के ढेर मिले। सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा ने गांव के संभ्रांत लोगों की बैठक में कहा कि बीमारी फैलने का कारण गंदगी है। बारिश के बाद वैसे ही संक्रमण फैलता है, लेकिन गांव के हालत खराब है। घरों के पास में ही गंदगी के ढेर लगाना सही नहीं है। प्रधान से कहा कि वह नियमित लोगों की बैठक ले, ताकि लोग गंदगी के प्रति जागरूक हो सके। स्वास्थ्य विभाग तो लगातार कार्य कर रहा। अगर गंदगी से गांव को मुक्त नहीं किया गया तो संक्रमण दोबारा फैल सकता है। अभी यह कंट्रोल है, लेकिन बारिश हुई तो दोबारा फैल सकता है।
जनता वैदिक इंटर कॉलेज में अचानक 13 बच्चों को बुखार शुरू हुआ था। इनमें चार बच्चे ऐसे थे जिन्होंने गले में दर्द और सूजन की शिकायत मिली। प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने बताया कि बुखार की शिकायत मिलते ही तुरंत परिजनों को भी इससे अवगत कराया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने कैंप लगाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि टीम स्कूल में 67 छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। सभी बच्चों को बीमारी से बचाव की सलाह दी गई है। वहीं घरों के आस-पास गंदगी न रहने और गंदगी में न खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ठंडा पानी का सेवन न करें, पानी को उबाल कर पिए। मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। वहीं प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने सहयोग किया। बच्चों को डॉक्टरों के अनुसार कार्य करने के लिए जागरूक किया। डॉ. आशु बंसल, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. रामकुमार शर्मा, डॉ. बुशरा करीमी, फार्मेसिस्ट सुएब खान, आशु चौहान ने बच्चों की जांच की।
-----------------------
गांव से दूर डाला जाए कूड़ा
बागपत। सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत ने सुझाव दिया कि कूड़ा डालने के लिए गांव से दूर डंपिंग स्थल बनाया जाना चाहिए। सीडीओ से मिलकर गांव की स्वच्छता का प्लान तैयार कराएं। इसके लिए प्रधान को बजट और अन्य सुविधाएं मिलती है। प्रतिरक्षण अधिकारी और अन्य डॉक्टरों ने बुखार से पीड़ित बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की।
-----------------
जल्द ही आएगी जांच रिपोर्ट
बागपत। प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि नौरोजपुर गुर्जर गांव में बच्चों की मौत के बाद लिए गए रक्त के नमूनों की जांच रिपोर्ट मंगलवार या बुधवार तक आ जाएगी। जिसके बाद स्पष्ट हो जाएगा की कौन से संक्रमण से बच्चों की मौत हुई है।
------------------
स्वच्छता का हाल जानेंगे : डीपीआरओ
बागपत। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने बताया कि गांव की सफाई व्यवस्था की जांच कराई जाएगी। अगर कूड़ा निस्तारण में परेशानी हो रही है तो निराकरण कराया जाएगा।