मोहर्रम पर बागपत, बड़ौत समेत पांच गांवों में निकलेंगे जुलूस
बागपत। मोहर्रम पर्व पर को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले में बागपत, बड़ौत समेत पांच गांवों में मोहर्रम पर जुलूस निकाले जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
जिले में 21 सितंबर को मोहर्रम है। पुलिस जगह-जगह शांति समिति की बैठकें आयोजित कर लोगों से भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व को मनाने की अपील कर रही है। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बागपत में एक, बड़ौत में चार, पिचौकरा में तीन, सिंघावली अहीर में एक, बरनावा में एक स्थान पर मोहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा। इसके अलावा बड़ौत में दो जगह अखाड़े निकाले जाएंगे। सभी जगह भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई है। पिचौकरा गांव अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। जिले में 18 से 21 सितंबर तक मोहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण के साथ मनाएं। अफवाहों से दूर रहें। कोई भी असामाजिक तत्व अफवाह फैलाने की कोशिश करे तो इसकी सूचना पुलिस को दे। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।