बड़ौत (बागपत)।
ब्राह्मण एकता कल्याण समिति की बैठक में छपरौली के ब्राह्मण परिवार की बेटी के साथ छेड़छाड़ और पीड़ित परिवार के खिलाफ ही झूठे मुकदमे दर्ज होने पर आक्रोश जताया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा यदि जिला प्रशासन ने शीघ्र फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया तो समाज उग्र आंदोलन शुरू करेगा और कैराना उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार का विरोध करेगा।
सोमवार को ब्राह्मण एकता कल्याण समिति की युवा इकाई के नगर अध्यक्ष मन्नू तिवारी के कार्यालय पर आजाद नगर मेें हुई बैठक में मन्नू तिवारी ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार के खिलाफ दर्ज मुकदमा जिला प्रशासन ने वापस नहीं लिया तो ब्राह्मण समाज इसके विरोध में आंदोलन करेगा और धरने पर बैठने से पीछे नहीं हटेगा। तिवारी ने कहा कि कोई सत्ता का नेता अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल नहीं कर सकता है, यदि छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष का बेटा शामिल है तो समिति आरोपियों को सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेगी, चाहे इसके लिए आंदोलन करना पड़े, पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा छपरौली मामले में यदि सर्व समाज की जरूरत पड़ी तो उनका भी सहयोग लिया जाएगा, तो कैराना उपचुनाव में भाजपा का विरोध होगा। जिला महामंत्री राधेश्याम ने कहा कि यदि प्रशासन भाजपा नेता के दबाव में मुकदमे को वापस नहीं लेता तो कैराना के उपचुनाव में समिति के सदस्य भाजपा का विरोध करेंगे। इसमें श्रद्धानंद शर्मा, अमित भारद्वाज, संजीव शर्मा, आकाश भारद्वाज, अंकित भारद्वाज, पंकज शर्मा, विनोद शर्मा, ललित शर्मा, मयंक शर्मा आदि रहे।