बड़ौत (बागपत)।
रेवन्यू बार एसोसिएशन बड़ौत के तत्वावधान में दोघट पुलिस द्वारा तहसील अधिवक्ता और उनके भाइयों के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करने से अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर तहसील में जुलूस निकाल धरना दिया और निर्णय लिया बुधवार को तहसील के सभी कार्यालयों पर तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
बार के अध्यक्ष वेद पाल सिंह पंवार और महामंत्री आनंद पाल तोमर के नेतृत्व में अधिवक्ता एकत्र हुए। उन्होंने कहा दोघट पुलिस ने तहसील अधिवक्ता अजय राठी और उसके भाइयों के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में सीओ बड़ौत को पहले से ही अवगत कराया। इसके बाद भी थाना दोघट पुलिस ने कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया और प्रवेंद्र कुमार एडवोकेट के खिलाफ भी बिनौली पुलिस ने झूठी रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज चुकी है। आश्वासन के बाद भी पुलिस ने इस मुकदमे को वापस नहीं लिया। इसको लेकर अधिवक्ताओं ने मंगलवार को न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर तहसील में जुलूस निकाल धरना दिया। अध्यक्ष वेदपाल पंवार ने बताया जब तक इन मामलों में पुलिस कार्रवाई नहीं करती अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी और बुधवार को तहसील में एसडीएम, तहसीलदार व समस्त कार्यालयों पर तालाबंदी की जाएगी और प्रतिदिन धरना दिया जाएगा। इसमें तेजवीर सिंह, धर्मवीर तोमर, विनेश तोमर, ईश्वर सिंह, सतपाल मान, यशवीर चौहान, विरेंद्र चौहान, विरेंद्र शर्मा, संजीव तोमर, मदनलाल तेजान आदि रहे।