बड़ौत (बागपत)। रमाला-टांडा मार्ग पर विगत कई माह से बस सेवा ठप होने से क्षुब्ध दैनिक यात्रियों ने किरठल गांव के बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा शिकायत करने के बाद बड़ौत डिपो के अधिकारियों ने समस्या हल नहीं कराई।
नाराज दैनिक यात्रियों ने कहा रमाला-टांडा मार्ग पर दोनों ओर दर्जनों गांव पड़ते हैं। इन गांवों से प्रतिदिन सैकड़ों लोग विभिन्न कार्य के संबंध में दिल्ली, पानीपत, मेरठ, बागपत, बड़ौत, शामली, सहारनपुर आदि जगहों पर जाते हैं। इसके अलावा स्कूली बच्चे भी बड़ौत या बागपत के कॉलेजों में पढ़ने जाते हैं, लेकिन इस मार्ग पर विगत छह माह से रोडवेज की बस सेवा ठप हैं। इस कारण इस मार्ग पर लोगों को डग्गामार वाहनों में चलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कई बार बस चलवाने कराने के लिए बड़ौत डिपो के अधिकारियों से मांग की, लेकिन समस्या हल नहीं हुई। यात्रियों ने बड़ौत डिपो के अधिकारियों पर डग्गामार वाहन चालकों से मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदर्शन कर शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इसमें नितिन, संदीप, नीटू, दीपक, सुधीर, शरद, ओमपाल, नरेंद्र, राजकली, पूनम, रेखा, ओमवती, संगीता आदि रहे। स्टेशन प्रभारी अजय सक्सेना ने आरोप निराधार बताया और मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कहीं।