फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: गन्ने के दाम बढ़ने से 1.20 लाख किसानों को 115 करोड़ रुपये ज्यादा मिलेंगे

Thu, 30 Oct 2025 01:43 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बागपत
विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत। प्रदेश सरकार ने गन्ने के दाम 30 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाए तो इसका जिले के एक लाख 20 हजार किसानों को फायदा मिलेगा। पिछली वर्ष की गन्ना पैदावार के अनुसार देखा जाए तो किसानों को अब 115 करोड़ रुपये तक मिलों से ज्यादा मिलेंगे। सरकार के इस फैसले से किसान खुशी जता रहे हैं।
विज्ञापन

जिले में 85 हजार हेक्टेयर जमीन पर गन्ने की खेती होती है। यहां पिछले वर्ष 3,85,00,000 क्विंटल गन्ने की पैदावार हुई थी। इस पैदावार के अनुसार ही किसानों को 115 करोड़ रुपये ज्यादा मिलेंगे जो उनकी आर्थिक स्थिति को बेहतर करने में अहम रहेंगे। वहीं इस बार गन्ने की पैदावार ज्यादा होने की उम्मीद है, क्योंकि सर्वे में सामने आया था कि फसल काफी अच्छी है और गन्ने की पैदावार ज्यादा हो सकती है। ऐसे में किसानों को ज्यादा फायदा भी हो सकता है।
- पड़ोसी राज्यों हरियाणा व पंजाब से अब भी कम
गन्ना मूल्य के मामले में पंजाब और हरियाणा अब भी यूपी से आगे हैं। गन्ने की प्रति क्विंटल कीमत हरियाणा में 415 रुपये और पंजाब में 401 रुपये हैं। हालांकि हरियाणा ने कुछ समय पहले ही 15 रुपये बढ़ाए थे। इसके बाद ही यहां भी दाम बढ़ाने की मांग उठने लगी थी।
विज्ञापन

मलकपुर मिल पर 190 करोड़ रुपये बकाया
मलकपुर शुगर मिल पर किसानों का 190 करोड़ रुपये अभी तक गन्ने का बकाया है। इस तरह किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसान लगातार बकाया भुगतान की मांग उठा रहे हैं मगर इसपर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

योगी सरकार के गन्ना मूल्य 30 रुपये बढ़ाने के फैसले से बड़ी खुशी है। यह किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जो कहते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत चौधरी के निर्देशन में रालोद के सांसदों और विधायकों ने मुख्यमंत्री से मिलकर गन्ना मूल्य बढ़ोतरी की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने उस समय ही आश्वासन दिया था कि किसानों से किया गया वादा जल्द पूरा किया जाएगा। - डॉ. राजकुमार सांगवान, सांसद रालोद
- योगी सरकार ने गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी करके ऐतिहासिक फैसला लिया है। इससे हर किसान को फायदा होगा और उसका असर व्यापारियों पर भी पड़ेगा। किसान खुशहाल होगा तो हर कोई खुशहाल होगा। इस फैसले ने साफ कर दिया कि भाजपा सरकार हमेशा से किसान हितैषी रही है और आगे भी उनके हित में फैसले लेती रहेगी। - डॉ. सत्यपाल सिंह, पूर्व सांसद
भाजपा सरकार ने 30 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य बढ़ाकर ऐतिहासिक फैसला लिया है। इससे सभी किसान खुश हैं। योगी सरकार ने गन्ना मूल्य बढ़ाने का वादा किया था और उस वादे को उन्होंने पूरा करके यह साबित कर दिया कि वह सच्चे किसान हितैषी हैं। गन्ना मूल्य बढ़ने से सभी को लाभ होगा। - प्रदीप ठाकुर, चेयरमैन बागपत गन्ना समिति
सरकार ने गन्ना मूल्य में 30 रुपये की बढ़ोतरी करके किसानों की उम्मीदों को पूरा किया है। किसानों को इस बार सरकार से बड़ी उम्मीद थी कि गन्ना मूल्य बढ़ाया जाए। इससे किसान काफी खुश हैं और उनको भविष्य की उम्मीद भी जग गई है। अब बागपत शुगर मिल का विस्तारीकरण भी सरकार जल्द शुरू कराएगी। - योगेश धामा, विधायक भाजपा

गन्ने का भाव अब 400 प्रति क्विंटल हो गया है, जिसकी किसान काफी समय से मांग कर रहे थे। रालोद भी सरकार से किसानों की अपेक्षा के अनुरूप गन्ने के उचित भाव बढ़ाने के लिए मांग कर रहा था। इस मांग को पूरी करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने बता दिया कि वह सच्चे किसान हितैषी हैं। आशा है कि यह निर्णय गन्ना किसानों के जीवन में खुशहाली लाएगा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा। -सुभाष गुर्जर, जिलाध्यक्ष रालोद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें