एनएच 334बी के लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारी, बनेगा हाईवे
बागपत। गढ़-सोनीपत हाईवे (334बी) के लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने जिले के करीब 35 किमी के टुकड़े के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूचना प्रकाशन के बाद भू-स्वामियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। संभावना है कि जल्द ही हाईवे का निर्माण शुरू होगा। इससे बागपत से मेरठ जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
गढ़-सोनीपत हाईवे के निर्माण की मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से करते आ रहे हैं। प्रदेश सरकार की एनओसी के बाद हाईवे का नाम बदलकर एनएच 334बी कर दिया गया था। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारियां शुरू कर दी है। अधिसूचना के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें गढ़-सोनीपत हाईवे पर बागपत-मेरठ के टुकड़े पर आए दिन हादसे होते हैं। मार्ग तंग होने के चलते कई बार लोगों की जान जा चुकी है। रात के समय हादसों का अधिक खतरा रहता है। चार लेन बन जाने के बाद लोगों को राहत मिलेगी और हादसों का खतरा भी कम होगा।
------------------
इनसेट
दो गांव के अधिग्रहण की अधिसूचना
बागपत।मंत्रालय ने अमीनगर बालैनी और बाखरपुर बालैनी के लिए अधिग्रहण की सूचना जारी कर दी है। अधिग्रहण में कृषि, बंजर, नाली, सर्विस रोड, चकरोड़ और रास्ते की भूमि शामिल है। जल्द ही प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
------------------
इनसेट
यहां कैसे किया जाएगा अधिग्रहण
बागपत। बालैनी बस स्टैंड, सराय मोड, डौला, अग्रवाल मंडी टटीरी और नया गांव में मार्ग बेहद तंग है। देखने वाली बात यह होगी कि सडक़ मंत्रालय इन जगहों पर बाईपास का प्रावधान करता है या फिर पूर्व की स्थिति रखी जाती है।
------------------
क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि
- केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ सत्यपाल सिंह का कहना है कि आमजन के हित में सरकार का सराहनीय कदम है। जल्द ही हाईवे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
- भाजपा नेता एवं खेकड़ा ब्लाक प्रमुख जितेंद्र धामा का कहना है कि हाईवे के निर्माण से दो राज्यों के लोगों को लाभ होगा। सरकार तेज गति से इसके निर्माण का प्रयास कर रही है।
------------------