बड़ौत (बागपत)। युवा व्यापारी नेता दीपक बामनौली और हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष के बीच मामूली बात को लेकर जमकर गाली-गलौच हुई। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
युवा व्यापारी नेता दीपक बामनौली ने बताया कि वे बावली रोड स्थित अपने कार्यालय में शनिवार की शाम बैठे थे। तभी हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मधुसूदन शास्त्री कार्यालय में एक साथी के साथ पहुंचे। उनके बीच बातचीत होने लगी, तभी जिलाध्यक्ष ने उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी भी दे डाली। दीपक बामनौली ने अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में तहरीर देकर जिलाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनके समर्थन में युवा नेता सचिन वत्स, अंकुर छात्र संघ अध्यक्ष, सिद्धार्थ स्वामी, विवेक गोस्वामी, राजन गोस्वामी, बंटी प्रमुख, वरुण सिसौदिया, राजीव गुप्ता, तनु तोमर, अमित मिश्रा, कपिल तोमर, संदीप बड़ौली आदि रहे।
वहीं हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मधुसूदन शास्त्री ने भी आरोप लगाया कि दीपक ने भी उनके साथ गाली-गलौच की है। इस संबंध में उन्होंने भी कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि दोनों की तहरीर आ गई है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।