बागपत। कृषि विभाग की ओर से 27 से 30 मई तक किसानों की पाठशाला आयोजित होगी। कृषकों को निमंत्रण देकर बुलवाया जाएगा। अब इस बार पाठशाला में किसानों की परीक्षा भी होगी। कृषि विभाग ने प्रश्न पत्र तैयार कर लिए हैं।
परिषदीय विद्यालयों में किसानों की पाठशाला की तैयारी शुरू हो गई हैं। कृषि विभाग के विशेषज्ञ विभिन्न जानकारी और फसल उत्पादन के बारे में बताएंगे। किस फसल को किस मौसम में उगाया जाना चाहिए। आय में किस तरह से बढ़ोतरी कर सकते हैं, इसकी चर्चा होगी। इस बार किसानों की पाठशाला के साथ-साथ उनकी परीक्षा भी ली जाएगी। कृषि विभाग ने प्रश्नपत्र तैयार कर लिए हैं। 27 से 30 मई तक चलने वाली पाठशाला में दो दिन दस-दस और अंतिम दिन नौ प्रश्न पूछे जाएंगे। जिसका कृषकों से उत्तर लिया जाएगा। प्रश्न केवल कृषि, कीट, फसलों की बुवाई, सह फसली खेती, आधुनिक यंत्रों से खेती से संबंधित होंगे। प्रश्नावली के उत्तर प्राप्त कर इस कार्यक्रम की उपयोगिता एवं उपादेयता के संबंध में रिपोर्ट अपर कृषि निदेशक (प्रसार) को दी जाएगी। अपर कृषि निदेशक (प्रसार) डॉ. रामशब्द जैसवारा ने प्रदेश के सभी उप कृषि निदेशकों को इसके लिए निर्देशित कर दिया है। प्रश्नावली भी उपलब्ध करा दी। साथ ही निर्देशित किया है कि पाठशाला को अधिक प्रभावी बनाने और प्रतिभागी कृषकों का फीड बैक प्राप्त करेंगे।
पहले चरण में 40 ग्राम पंचायतों में होगी पाठशाला
बागपत। उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि पहले चरण में 27 से 30 मई तक चलने वाली किसानों की पाठशाला 40 ग्राम पंचायतों में शुरू होगी। यहां पर कृषि विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न जानकारी दी जाएगी। इसकी तैयारी की जा रही है। कृषि अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दे दी।