बड़ौत (बागपत)। एक्सईएन प्रथम कार्यालय कोताना रोड पर बुधवार को विद्युत मजदूर पंचायत की बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर मंथन किया, वहीं बाहरी तत्वों द्वारा लगातार सरकारी कार्य में बाधा डालने पर नाराजगी जताई गई।
जिला महामंत्री सुरेंद्र तोमर के संचालन में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर ने कहा कि कर्मचारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिछले तीन-चार माह से कार्यालय व बिजलीघरों पर तैनात संविदा कर्मचारियों को ठेकेदारों द्वारा मानदेय नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण संविदा कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि या तो ठेकेदार समय रहते संविदा कर्मचारियों का मानदेय दे अन्यथा उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा। जिला महामंत्री सुरेंद्र तोमर ने कहा कि कार्यालय पर पिछले एक माह से कुछ बाहरी तत्व किसान नेता बताकर सरकारी कार्यों में बाधा डालने का काम कर रहे हैं, इससे कर्मचारी परेशान हैं। बाद में एसई रामबीर सिंह व पुलिस प्रशासन के आला अफसरों से मिलने का निर्णय लिया। इसमें धर्मपाल, खलील अहमद, आरिफ, राजीव, संजीव, सुखदेव पंवार, वेदपाल, धर्मेंद्र, दिनेश, सन्नी, आलोक, मुकेश, सुनील, बूलचंद, राज सिंह आदि रहे।