बड़ौत (बागपत)। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में बुधवार को नियमित कक्षाएं चलवाने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर मेें प्रदर्शन किया और तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को छात्रसंघ के अध्यक्ष अक्षय चौहान के नेतृत्व मेें काफी संख्या में छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर में एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। अक्षय चौहान का कहना था कि गत एक सप्ताह से कॉलेज के प्रोफेसरों ने प्राचार्य पर हुए मुकदमे के विरोध में धरना दे रखा है, जिस कारण नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं हो रही है। इससे अन्य जिलों व जनपद के छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार इस संबंध में कॉलेज प्रशासन व प्राचार्य से बातचीत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। बाद मेें सभी छात्र नगर के मुख्य मार्गों से विरोध जलूस निकालते हुए तहसील पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही समाधान कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रमोद, रोहित, वसीम, अखिल, तसलीम, रूबी, हिमांशु, आशीष आदि शामिल रहे।