बागपत। पहले ही दिन प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर लोग सस्ती दवाओं से महरूम रहे। केंद्र पर भीड़ तो भरपूर रही, लेकिन दवा किसी को नहीं मिली। सुबह से ही दवा के लिए भीड़ लग रही थी। एरिया मैनेजर डॉ. मनवीर सिंह ने बताया कि जब तक सॉफ्टवेयर पर दवा अप डेट नहीं होगी, तब तक इसकी बिक्री की शुरूआत नहीं की जाएगी।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ जिला अस्पताल में केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने किया । यहां पर सस्ती दवा मिलने की सूचना पर सोमवार को लोग पहुंचे। सुबह से ही जन औषधि केंद्र पर काफी भीड़ रही है, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारी अभी दवा न देने के लिए असमर्थता जताते रहे। उनके पास कोई डॉक्टर से लिखी दवा का पर्चा लेकर पहुंचे रहे थे, तो कोई सादे कागज पर लिखी दवा के नाम को लेकर केंद्र संचालक से इसकी मांग कर रहे थे। सुबह से शाम तक यह सिलसिला चलता रहा। महाराजा विनायक कंपनी के एरिया मैनेजर डॉ. मनवीर सिंह ने बताया कि जन औषधि केंद्र पद दवा तो भरपूर है, लेकिन दवा कंप्यूटर के सॉफ्टवेयर पर अप डेट नहीं हुई है। अगर कोई दवा सॉफ्टवेयर पर अप डेट नहीं होगी तो बिल काटने में परेशानी होगी। केंद्र पर सभी दवा उपलब्ध रहेगी, बस कुछ समय चाहिए। कोई भी व्यक्ति यहां से वापस नहीं जाएगा।