दोघट (बागपत)। दाहा गांव में तालाब की खुदाई के कारण गांव में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। प्राथमिक विद्यालय से लेकर गलियों में गंदा पानी भरा हुआ है। हैंडपंपों का पानी भी दूषित हो गया है। लोगों में संक्रामक रोग फैलने का अंदेशा बना हुआ है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
जलनिकासी की समस्या से निजात दिलाने के लिए दाहा गांव में रास्ते और प्राथमिक विद्यालयों में हालत खराब हो गए हैं। नालियों का गंदा पानी भरा हुआ है। गांव में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। आने-जाने में परेशानी हो रही है। जलभराव के कारण हैंडपंप का पानी भी दूषित हो गया है। स्कूल खुलने में छह दिन शेष रह गए हैं। प्राथमिक विद्यालय में गंदा पानी भरा हुआ है। पानी नहीं निकला तो बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की खुदाई कराने से पहले जलनिकासी की भी व्यवस्था कराई जाए। ग्रामीण सुभाष राणा, सत्यवीर सिंह, दय कुमार, सितमपाल, कृपाल, भरत, विनोद, अमित आदि ने कहा यदि शीघ्र प्रधान ने जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई तो प्रधान के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। दूसरी तरफ बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रकेश सिंह यादव ने कहा कि विद्यालय में गंदा पानी भरा है यह गंभीर मामला है। इस संबंध में बिनौली खंड शिक्षा अधिकारी और ग्राम प्रधान से वार्ता कर स्कूल से गंदा पानी निकलवाने की व्यवस्था कराएंगे।