बड़ौत (बागपत)।
वन विभाग के अफसरों ने मंगलवार को मवी कलां गांव में विभागीय जमीन को दबंगों से कब्जा मुक्त कराया और जमीन पर बोई सरसों की फसल को कटवाया। इस दौरान विभागीय अफसरों की जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों से नोकझोंक भी हुई। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस को देख विरोध कर रहे लोग वहां से भाग निकले।
वन क्षेत्राधिकारी राजपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम मंगलवार को मवी कलां गांव पहुंची विभाग की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटवाने लगी। इस दौरान सूचना पर पहुंचे कुछ लोगों ने टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इससे वहां पर हंगामा खड़ा हो गया। वन क्षेत्राधिकारी राजपाल सिंह ने कहा कि किसी भी कीमत पर विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा बर्दास्त नहीं किया जाएगा और उन्होंने खेतों में खड़ी सरसों की फसलों को कटवाना शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर ओर भी काफी संख्या में लोग वहां पर आ धमके और टीम से उलझ गए। हंगामा बढ़ता देखकर वन क्षेत्राधिकारी राजपाल सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर हंगामा कर रहे लोग वहां से भाग निकले। वन क्षेत्राधिकारी राजपाल सिंह ने बताया टीम ने मवी कलां गांव मेें पांच बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इससे पहले भी जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटवाया जा चुका है। टीम में वन दरोगा आंसु चौधरी, वन रक्षक संजय, वन रक्षक मनोज, विकास, वन कर्मी मनोज शामिल रहे।