संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा रविवार को बड़ौत के एक अस्पताल परिसर में सम्मान समारोह किया किया। कार्यक्रम में 22 राज्यों से आए 101 शिक्षकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और युवाओं को शिक्षित करने पर ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री केपी मलिक ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता और भाग्य विधाता है। शिक्षक का बहुत बड़ा दर्जा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अनुशासन व चरित्र की शिक्षा भी देने पर जोर दिया। ट्रस्ट के सचिव डॉ़ मनीष तोमर ने बताया कि ट्रस्ट के माध्यम से पिछले तीन वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है।
उन्होंने शिक्षकों को एक वर्ग बताया जो किसी भी जाति अथवा धर्म के बंधन से मुक्त होते हैं। बच्चों को बिना किसी भेदभाव के समान दृष्टि से शिक्षित करते हुए राष्ट्र की भावी पीढ़ी का निर्माण करते हैं। उपनिदेशक प्रवर्तन निदेशालय विनीत राठी, डीआईओएस राघवेंद्र सिंह, योगेंद्रपाल, डॉ़ राजेंद्र कुमार समेत अन्य लोगों ने विचार रखे। कार्यक्रम में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब समेत 22 राज्यों के 100 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया, जिन्हें सम्मानित किया गया।
इस मौके पर यूपी एजुकेशन मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विवेक यादव, राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष विपिन भारद्वाज, मनोज मलिक, नवनीत पाठक, मास्टर प्रदीप शर्मा, रामपाल सिंह, लाल बहादुर मौर्य आदि उपस्थित रहे।