भाजपा प्रत्याशी संजय निषाद जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी संजय निषाद भारी-भरकम जुलूस के साथ नामांकन को पहुंचे। आदर्श आचार संहिता व कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी कर सड़कों पर भाजपाइयों का हुजूम उमड़ा । नामांकन स्थल तक भाजपाई पहुंच गए थे। जहां पुलिस व भाजपा कार्यकार्ताओं के बीच धक्कामुक्की व नोकझोंक भी देखी गई। भाजपा नेताओं ने पुलिसकर्मियों को देख लेने की धमकी तक दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शनिवार को नेहरू हाल में नामांकन कार्य शुरू होते ही सपा प्रत्याशी विजय यादव ने अपने पांच समर्थकों के साथ पहुंच कर नामांकन दाखिल किया। इसके एक घंटे बाद निर्दल प्रत्याशी जय प्रकाश ने अपना नामांकन दाखिल किया।
दोपहर एक बजे के करीब भाजपा प्रत्याशी संजय निषाद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता व वाहनों के काफिले के साथ कई बैरिकेडिंग को पार करते हुए नामांकन स्थल तक पहुंच गए। किसी भी बैरिकेडिंग पर पुलिस व प्रशासनिक अमले ने इन्हें नहीं रोका। नेहरू हॉल के पास पहुंचने पर नियम के खिलाफ अधिक लोग प्रत्याशी के साथ अंदर जाने लगे।