अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी जब मायके से घर लौटी तो बिस्तर पर पति का शव मिला। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत कैसे हुई, यह पता नहीं चल पाया है।
कटरा मोहल्ला (बवाली मोड़) निवासी देवी प्रसाद उर्फ धाने (35) पत्नी व एक बच्चे के साथ रहता था। धाने की पत्नी आरती देवी छठ पूजा पर नौ नवंबर को मायके चली गई। आरती की देवी प्रसाद से 11 नवंबर बात हुई थी। इसके बाद बात नहीं हो सकी। आरती सोमवार को दिन में 12 बजे अपने मायके से घर पहुंची तो देखा कि बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे और शव से गंध आ रही थी। पत्नी की बातों से पता चलता है कि उसकी मौत 11 नवंबर के बाद ही हुई है लेकिन किन कारणों से मौत हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। मुबारकपुर के थाना प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद सिंह का कहना है कि देवी प्रसाद के बदन पर चोट के निशान नहीं मिले। शव को देखकर यही लग रहा कि उसकी मृत्यु कई दिन पूर्व हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।