Azamgarh News: सीएचसी मेंहनगर क्षेत्र के ठोठिया गांव में उल्टी-दस्त से एक युवती की मौत हो गई। वहीं 18 अन्य लोग भी उल्टी- दस्त से पीड़ित हैं। उधर, गांववालों ने कहा कि डायरिया फैल गया है। जबकि सीएमओ ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है।
आजमगढ़ जिले में सीएचसी मेंहनगर क्षेत्र के ठोठिया गांव में मंगलवार की रात उल्टी-दस्त से अंतिमा (20) की मौत हो गई। उसका इलाज चल रहा था। मंती देवी (58) की हालत गंभीर है। मंती का इलाज जौनपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। गांव में उल्टी-दस्त से 18 लोग पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय टीम गांव में कैंप कर रही है। ग्रामीणों को गर्म पानी पीने की सलाह दी गई है। बाहर खुले में बिकने वाला सामान न खाने को कहा गया है।
विज्ञापन
ठोठिया गांव में तीन दिनों से लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। लोग इसे मौसम का बदलाव मात रहे थे लेकिन मंगलवार की रात अंतिमा की मौत से गांव में दहशत फैल गई। प्राथमिक उपचार के बाद अंतिमा को लालगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया था जहां वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने कहा कि डायरिया फैल गया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इससे इन्कार कर रहा है। सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने बताया कि बीमारी के कारणों की जांच की जा रही है। फूड़ पॉइजनिंग की आशंका है। पानी की सैंपलिंग की गई है।
विज्ञापन
इनकी तबीयत भी खराब मिली
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ममता (30), प्रीति (27), कुमार सनाप (25). तेतरी (45), आराध्या (15), राजपत (70), निर्जला (32), रीता (60), प्रमिला (52), आंचल (23), लक्ष्मी (22) और दीपचंद्र सनाप (85) सहित करीब 18 लोगों में उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन की समस्या मिली है। गंभीर लक्षण मिलने पर ममता, आराध्या और राजपत को सीएचसी में भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया गया। हालत में सुधार होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।