ठेकमा राजवाहा में शारदा सहायक खंड -23 बने पुल पर घटिया रेलिंग निर्माण कार्य को रुकवाते सहायक अभियं?
- फोटो : AZAMGARH
मेंहनगर। शारदा सहायक खंड-23 ठेकमा रजवाहा पर बने पुल की रेलिंग का मंगलवार को सहायक अभियंता ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में निर्माण कार्य में कम गुणवत्ता के सामान प्रयोग करने पर सहायक अभियंता ने कार्य रुकवा दिया और रेलिंग तोड़कर फिर से निर्माण का निर्देश दिया।
बताते चलें कि क्षेत्रीय विधायक के निधि से सेंट जॉन्स स्कूल के ठीक सामने शारदा सहायक खंड-23 ठेकमा राजवाहा पर 13.5 लाख रुपये की लागत से कार्यदायी संस्था, उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम (यूपी सिंडको) आजमगढ़ द्वारा टेंडर प्रक्रिया से कार्य कराया जाना था। पुल की ढलाई का काम पूर्ण हो गया था। पुल के ऊपर दोनों तरफ रेलिंग (पैरापेट) का कार्य मंगलवार को ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था। निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना विभाग को दी। ग्रामीणों की सूचना पर सहायक अभियंता रविंद्र यादव निर्माण स्थल पहुंचे। जहां ग्रामीणों की शिकायत को जायज ठहराते हुए कार्य कर रहे मिस्त्री से मानक पूछा तो बताया गया कि एक बोरी सीमेंट में छह बोरी बालू से जोड़ाई कार्य हो रहा। ठीकेदार के मुनीब को फटकार लगाते हुए सहायक अभियंता ने निर्माण कार्य बंद करा दिया। साथ ही जोड़ी गई रेलिंग को तोड़कर पुन:निर्माण कार्य में प्रथम श्रेणी के ईंट तथा एक बोरी सीमेंट में चार बोरी लाल बालू का प्रयोग कर जोड़ाई करने का निर्देश दिया।