बलरामपुर। तहबरपुर थाना क्षेत्र के महुआरी गांव के पास रविवार की सुबह टहलने निकली महिला को ट्रक ने कुचल दिया था। उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे वाराणसी ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
महुआरी गांव निवासिनी निर्मला देवी (52) रोज की भांति रविवार की सुबह भी टहलने के लिए निकली थी। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आ गई। निर्मला के दोनों पैरों पर से ट्रक चढ़ कर गुजर गई थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराए। जहां हालत ज्यादा गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे वाराणसी ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस लौट आए। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजवा दिया। मृतका दो पुत्र व एक पुत्री की मां थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।