गांव में ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग को लेकर हरैया विकास खंड के बनकटा बाजार गोसाई के ग्रामीणों ने सोमवार को रौनापार-लाटघाट मार्ग पर जाम लगा दिया। लगभग आधे घंटे बाद विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे और जल्द ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग माने।
बता दें कि बनकटा बाजार गोसाई गांव में ट्रांसफार्मर नहीं लगा है। ग्रामीण गांव में 500 मीटर दूर हरैया ब्लॉक के पास लगे ट्रांसफार्मर से तार खींचकर आपूर्ति होती है। कई बार तार टूटने आदि की दिक्कत से आपूर्ति बाधित होती रहती है। ग्रामीणों ने कई बार विद्युत विभाग से गांव में ही ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की लेकिन सुनवाई नहीं हो रही थी।
इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर को रौनापार-लाटघाट मार्ग पर जाम लगा दिया। आधे घंटे तक चले जाम के चलते लाटघाट-रौनापार मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। प्रधान लौहर यादव ने कहा कि गांव में करीब 50 घर हैं।
पांच साल पहले सभी ने कनेक्शन लिया और हरैया ब्लॉक के पास लगे ट्रांसफार्मर से तार खींचकर विद्युत उपभोग करते हैं।
उस दौरान विभाग के लोगों ने आश्वासन दिया था कि कुछ दिनों बाद गांव में ही ट्रांसफार्मर लग जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नारे लगाए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एक्सईयन एएच खान ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत कराया। जाम के दौरान गांव के शंभू त्रिपाठी, लालजी सेठ, रामबिलास, विमला देवी, रमेश मिश्रा, सुुशील यादव, बृजेश, रामनगीना, रविंद्र, बलिकरन, राधेश्याम, मोहन, रामानुज आदि मौजूद रहे।