रानी की सराय। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से आजमगढ़-वाराणसी हाईवे की पटरियों पर जलभराव हो गया है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोग पीडब्ल्यूडी पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
वहीं पीडब्लूडी के जेई ने स्थानीय लोगों को समस्या का कारण बताते हुए कहा कि विभाग बार-बार पटरियों से मिट्टी हटवाता है, लेकिन लोग बार-बार अपनी सहूलितय के हिसाब से फिर मिट्टी डाल दे रहे हैं।
बता दें कि आजमगढ़-वाराणसी हाईवे पर बारिश के पानी के निकासी के लिए बड़े नाले का निर्माण कराया गया है। हाईवे अथॉरिटी की लापरवाही के कारण नाले पर कुछ स्थानों पर पटिया लगी है, कुछ स्थानों पर नहीं लगी है। जहां पटिया नहीं लगी है वहां तो नाला पूरा कूड़ों से पट गया है। इसका परिणाम यह हुआ कि जहां पटिया लगी है, वहां जलनिकासी के व्यवस्था तो है लेकिन नाले में पानी जाने के लिए बनी नाली मिट्टी, कूड़ा-करकट से पट गया है, यदि समय-समय पर इनकी सफाई करा दी जाती तो बारिश के समय यह समस्या नहीं होती, पिछले दो से तीन दिन से हो रही बारिश का परिणाम है कि हाईवे पर जगह-जगह पटरियां पर जलभराव हो गया है।
पीडब्ल्यूडी के जेई सुमंत कुमार यादव ने बताया कि हम लोग तो बार-बार सफाई करा रहे हैं, पहले हमने सफाई कराई थी, लेकिन स्थानीय लोग पटरियों के किनारे मिट्टी पाट दे रहे हैं, इनसे जवाब कौन मांगेगा। उन्होंने नोटिस करने के सवाल पर कहा कि बाजार में हजारों लोग हैं, हम किसको-किसको नोटिस करेंगे।