आजमगढ़ से होकर जाने वाली उत्सर्ग एक्सप्रेस 15083/15084 बलिया से सहतवार के बीच चल रहे नान इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 8 मार्च से 15 मार्च तक के लिए निरस्त कर दी गई है।
खुरासनरोड रोड स्टेशन के अधीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि बलिया और सहतवार के बीच दोहरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। इस पर नान इंटरलाकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते उत्सर्ग के परिचालन पर 8 मार्च से 15 मार्च तक रोक लगा दी गई है। उत्सर्ग को वर्ष 2021 में दिसंबर में रेल प्रशासन ने कोहरे के चलते बंद कर दिया था जिसे दो मार्च को पुन: चलाया गया। लेकिन इस ट्रेन को सिर्फ छह दिन चलाने के बाद सहतवार में नान इंटर लॉकिंग कार्य के चलते पुन: 8 मार्च से 15 मार्च तक के लिए निरस्त कर दिया है। पूर्वोत्तर रेलवे सलाहकार समिति सदस्य शाहआलम कुरैशी ने बताया कि उत्सर्ग बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। इसके लिए रेल प्रशासन को यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।