उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की यूपी बोर्ड परीक्षा आज गुरुवार से शुरू हो रही है। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। जिले में बनाए गए 279 परीक्षा केंद्रों पर कुल एक लाख 77 हजार 835 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहले दिन हाईस्कूल हिदी और प्रारंभिक हिदी की परीक्षा सुबह आठ बजे से है। वहीं इंटरमीडिएट के लिए सुबह की पाली में सैन्य विज्ञान और दोपहर दो बजे से हिदी एवं सामान्य हिदी के पेपर होंगे। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा परीक्षा केंद्रों पर एक स्थानीय व एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा हर केंद्र पर पुलिस भी तैनात रहेगी।
जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने बताया कि इस बार जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 279 केंद्रों कराई जाएंगी। जिसमें हाईस्कूल में 96625 व इंटरमीडिएट में 81210 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा को सकुशल कराने के लिए जिले में 22 जोनल, 44 सेक्टर और 279 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। सभी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए परीक्षा को सुचारू तरीके से संपन्न कराएंगे। डीएम ने कहा कि नकल विहीन व सुव्यवस्थित परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए पुलिस, संचार, परिवहन व अन्य संबंधित सभी विभाग अपना योगदान करेंगे। परीक्षा कार्य में बाधक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा की सभी प्रधानाचार्य शिक्षक व अधिकारी पूर्ण सत्यनिष्ठा व ईमानदारी से कार्य करें। केंद्रों पर सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर लिया गया है। आनलाइन रिले, वाइस रिकार्डिंग, सीटिग प्लान का कार्य पूरा हो गया। परीक्षा कक्ष में सीटों पर परीक्षार्थियों के रोल नंबर चस्पा कर दिए हैं।