पवई ब्लॉक में प्रमुख पद पर नामांकन के दौरान काफी ड्रामा हुआ और अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पूर्व विधायक श्याम बहादुर यादव ने आरोप लगाया कि सपा प्रत्याशी को नामांकन करने से रोकने से विफल होने पर सपा के प्रस्ताव पर ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सत्ताधारी दल के इशारे पर काम कर रही है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया और प्रत्याशी की पत्नी व बेटी को थाने पर बैठा रखा है।
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि पवई के ब्लाक प्रमुख पद पर विधायक अरुण कांत यादव के छोटे भाई वरुण कांत यादव को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। बृहस्पतिवार को उन्होंने इस बात का पूरा प्रयास किया कि सपा प्रत्याशी नामांकन न कर सके। प्रत्याशी व प्रस्तावकों पर हमला किया गया।
इसमें प्रत्याशी ओंकार यादव का सिर फट गया। किसी तरह ओंकार यादव ने पर्चा दाखिल कर दिया तो अब उन पर अपने ही प्रस्तावक के अपहरण का मुकदमा दर्ज करके पुलिस उत्पीड़न करने में लगी है। जिस बीडीसी के अपहरण का आरोप लगाया जा रहा है वह प्रत्याशी के साथ है। प्रत्याशी की तरफ से भी थाने में तहरीर दी गई है लेकिन अब तक उस पर मुकदमा नहीं दर्ज किया गया। आरोप लगाया कि सीओ फूलपुर के निर्देशन में सारी रात प्रत्याशी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। सीओ जितेंद्र कुमार ने दबिश की जानकारी से इंकार किया है।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर शुक्रवार को एसडीएम अरविंद सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक हुई। एसडीएम ने कहा कि मतदान स्थल पर केवल मतदाता का ही प्रवेश होगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट कोयलसा नायब तहसीलदार धर्मेंद्र प्रताप सिंह को ब्लॉक के सभी सीसी कैमरे को चेक करने का निर्देश दिया। कहा कि ब्लॉक परिसर में कम से कम 10 सीसी कैमरे लगे होने चाहिए, ताकि अंदर से बाहर तक निगरानी रखी जा सके। उन्होंने क्षेत्राधिकारी महेंद्र शुक्ला से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
आजमगढ़ जिले के 22 ब्लॉकों में से पांच पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब शेष 17 सीटों पर ही शनिवार सुबह 11 से तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिन सीटों पर चुनाव होगा उसमें अतरौलिया, कोयलसा, जहानागंज, पल्हना, पवई, मेंहनगर, मोहम्मदपुर, महराजगंज, मिर्जापुर, सठियांव, हरैया व तहबरपुर में दो-दो प्रत्याशी मैदान में है। अहरौला, मार्टीनगंज व बिलरियागंज में तीन-तीन दावेदारों में मुकाबला होगा। पल्हनी ब्लॉक पर चार तो रानी की सराय ब्लॉक पर सर्वाधिक सात प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।