समाजवादी पार्टी ने जिले को विश्वविद्यालय नहीं दिया बल्कि हमने दिया। सपा ने तो जिले के माथे पर पहचान का संकट खड़ा करने का काम किया। सपा विकास की बात करती है लेकिन अपने कार्यकाल में सिर्फ कब्रिस्तान की बाउंड्री बनवाने का ही काम किया।
इसके अलावा सभी कार्य हमारी सरकार में हुआ। उन्होंने कहा कि शुरू के चार चरणों में हम 277 सीट जीत रहे है और एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ हम सत्ता में आ रहे है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवदी पार्टी का हमेशा से आतंक और आतंकियों से नाता रहा है। अहमदाबाद विस्फोट कांड में सजा पाए एक आतंकी का पिता समाजवादी पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि सपा मुखिया उसके साथ गलबहियां भी करते नजर आ रहे हैं।
माहुल जहरीली शराब कांड पर सीएम योगी ने कहा कि इस घटना में सपा का एक प्रत्याशी संलिप्त है। सभी नाजायज काम सपा के लोग ही करते है। सपा की संवेदना किसान, विकास व युवाओं के रोजगार के प्रति नहीं है बल्कि उनकी संवेदना माफियाओं व आतंकियों के प्रति है।
सीएम ने कहा कि सपा सरकार में अपराध बढ़ जाता है तो वहीं अपराधी बेलगाम हो कर घूमते है। शिब्ली पीजी कॉलेज पर जब अजीत राय की हत्या हुई थी तो उस समय सपा की सरकार प्रदेश में थी। वहीं सुन्नर यादव की हत्या जब हुई थी तो उस समय भी सपा की ही सरकार प्रदेश में थी।
हमारी सरकार में अपराधी या तो प्रदेश छोड़ कर भाग गए अथवा जेल की सलाखों के पीछे है। इतना ही नहीं जेल में बंद अपराधियों के अवैध कमाई से निर्मित संपत्तियों पर बुलडोर चलवाया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि कोरोना काल में मैं तीन-तीन बार आजमगढ़ आया और यहां की व्यवस्थाओं को देखने के साथ ही आम जनता को हो रही परेशानियों का जायजा लिया। दवा व इलाज की व्यवस्था कराया लेकिन आप के सांसद व सपा मुखिया एक बार भी नहीं आए। ये तो सिर्फ चुनाव के समय वोट लेने के लिए आते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 70 हजार से अधिक परिवारों को मकान, 53 हजार से अधिक लोगों का ऋण माफ, छह लाख किसानों को सम्मान निधि, तीन लाख से अधिक लोगों को वृद्धा, विधवा पेंशन दिलाया गया।
वहीं लगभग 35 से 36 लाख लोगों को माह में दो बार मुफ्त राशन दिया जा रहा है। 12.92 लाख परिवारों को शौचालय व 2.57 लाख घरों को विद्युत कनेक्शन देने का काम हुआ। वर्तमान सरकार में कन्यादान की राशि 51 हजार थी तो अब इसे एक लाख करेंगे।