खेल निदेशालय और प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से कौशांबी में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीते।
51 किलोग्राम भार वर्ग में आजमगढ़ के पहलवान देशभक्त ने अलीगढ़ मंडल के पवन कुमार और मुरादाबाद मंडल के विनायक चौहान को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में वाराणसी के प्रिंस सोनकर से हार के बाद उन्हें कांस्य पदक मिला।
वहीं, 55 किलोग्राम भार वर्ग में आजमगढ़ के जय हिंद यादव ने अलीगढ़ मंडल के अकील कुमार और गोरखपुर मंडल के अनिकेत को पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में आगरा मंडल के युवराज से हारने के बाद उन्होंने भी कांस्य पदक अपने नाम किया।
दोनों खिलाड़ी वर्तमान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय स्थित खेलो इंडिया सेंटर आजमगढ़ में कुश्ती प्रशिक्षक गोविंद यादव से प्रशिक्षण ले रहे हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने बताया कि सब जूनियर वर्ग में पहलवानों ने बढ़िया प्रदर्शन किया है। जहां चूक रह गई, वहां आगे उन्हें अभ्यास कराया जाएगा।